शुक्रवार 15 मई 2026 - 22:56
राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने वाली हर आवाज़ साम्राज्यवाद का हथियार है

आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी ने महान फ़ारसी कवि हकीम अबुल क़ासिम फ़िरदौसी की जयंती और फ़ारसी कविता एवं साहित्य दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि फ़ारसी शायरी का इतिहास हमेशा से वीरता, संघर्ष और प्रतिरोध की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने ईरान के प्रतिबद्ध कवियों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मोर्चे के अग्रदूत बताते हुए राष्ट्रीय एकता, आशा और इस्लामी शिक्षाओं को साहित्य में अधिक स्थान देने पर जोर दिया।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के संवाददाता के अनुसार, क़ुम स्थित हौज़ा इल्मिया के केंद्रीय प्रबंधन कार्यालय में हकीम अबुल क़ासिम फ़िरदौसी की जयंती और फ़ारसी कविता एवं साहित्य दिवस के अवसर पर आयोजित कवियों की विचार-विमर्श बैठक के नाम अपने संदेश में आयतुल्लाह आराफ़ी ने लिखा:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

इस्लाम के आरंभिक दौर से लेकर आज तक कविता और शायरी का क्षेत्र प्रकाश और अंधकार के दो मोर्चों के बीच संघर्ष में एक प्रभावशाली माध्यम और हथियार रहा है। यही कारण है कि फ़ारसी कविता का इतिहास अपने शुरुआती दौर से ही वीरगाथाओं और शौर्य से जुड़ा रहा है। महान कवि फ़िरदौसी की सशक्त और बेजोड़ लेखनी से ईरानियों की वीरता और बहादुरी की जो गाथाएं सामने आईं, वे आज भी विश्व साहित्य में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं।

आज ऐसे समय में, जब वैश्विक साम्राज्यवाद और उसके क्षेत्रीय सहयोगी इस्लामी गणराज्य ईरान की दृढ़ता और शक्ति को कमजोर करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं और उन्होंने इस्लामी उम्मत के पिता, सैन्य कमांडरों तथा अनेक निर्दोष नागरिकों और मासूम बच्चों का पवित्र रक्त ईरान की धरती पर बहाया है, इतिहास ईरान की गौरवशाली जनता के त्याग, साहस और अदम्य प्रतिरोध के अद्भुत दृश्य देख रहा है।

इस संघर्ष में जान की बाज़ी लगाने वाले योद्धाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक मोर्चे पर कवियों ने अब तक जो भूमिका निभाई है, वह अद्वितीय और सराहनीय है। आज ईरानी साहित्य का इतिहास पहले से कहीं अधिक ऐसी रचनात्मकता का साक्षी है, जिसमें कल्पनाशीलता के साथ गहरी वैचारिक समझ भी मौजूद है। यह वह चेतना है, जो कवि को अल्लाह की विलायत के प्रकाश से आलोकित करती है, ताकि वह इस आयत की बरकत से अपने और दूसरों के विचारों की दुनिया को सत्य के प्रकाश से रोशन कर सके:

“अल्लाह ईमान वालों का संरक्षक है और उन्हें अंधेरों से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाता है।”

ऐसे कवियों का यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थान कितना सौभाग्यपूर्ण है! यह उसी सहायता का प्रतिफल है, जिसका वादा अल्लाह ने अपने इस कथन में किया है:

“सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए, नेक अमल किए, अल्लाह को बहुत याद किया और अत्याचार सहने के बाद अपना बचाव किया।”

ईरान के स्वतंत्र और स्वाभिमानी कवियों ने इस जिहाद के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मोर्चे की अग्रिम पंक्ति में स्थान लिया है। उन्होंने गहरे दुख और पीड़ा को वीरता की गाथाओं में बदला, निराशा के अंधकार में उम्मीद के दीप जलाए और लोगों के दिलों में स्वाभिमान तथा प्रतिरोध की भावना को मजबूत किया।

ईरान के इन स्वतंत्र कवियों ने अपने असाधारण प्रयासों से ईश्वरीय और मानवीय मूल्यों की रक्षा की, अपराधियों और अत्याचारियों का मुकाबला किया तथा इस देश के साहित्यिक इतिहास में फ़ारसी कविता के स्तर को और ऊंचा उठाया।

मैं उन सभी सम्मानित कवियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने दृढ़ कदमों और मजबूत लेखनी के साथ इस पवित्र संघर्ष में हिस्सा लिया। साथ ही, हौज़ा के कविता एवं साहित्य मार्गदर्शन केंद्र और इस आध्यात्मिक तथा क्रांतिकारी अभियान में शामिल सभी सम्मानित लोगों का धन्यवाद करता हूं। इस श्रेष्ठ कवि-सम्मेलन में उपस्थित न हो पाने के लिए क्षमा चाहता हूं और कुछ महत्वपूर्ण बातें आपके सामने रखना चाहता हूं:

1- कला का स्वभाव अपनी सुंदरता, आकर्षण और अभिव्यक्ति के माध्यम से लोगों को प्रभावित करना है। यही विशेषता कभी-कभी कलाकार के लिए निष्ठा और निष्कपटता बनाए रखना कठिन बना देती है, जबकि कवि की रचना और उसके शब्दों के प्रभाव का मूल आधार सच्ची निष्ठा ही है। आत्मशुद्धि इस्लाम के संघर्षरत योद्धाओं की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आपके लिए मैदान में बिताया गया हर पल स्वयं को अधिक निष्कपट और शुद्ध बनाने का एक अनमोल अवसर है। विजय और सफलता के इस सफर में आवश्यक है कि दिल को दिखावे और आत्मप्रदर्शन की धूल से साफ किया जाए तथा सच्चाई और ईमानदारी से सुसज्जित किया जाए। सच्ची वाणी का उपहार यह है कि इंसान “वे कहते हैं, लेकिन स्वयं अमल नहीं करते” की स्थिति से निकलकर अल्लाह को बहुत याद करने वालों के रास्ते पर आ जाए। कलाकार और कवि के लिए यह आवश्यक है कि उसकी बात और उसका व्यवहार एक-दूसरे के अनुरूप हों।

2- समाज के विचारों को दिशा देने, उसका सुधार करने और उसकी तरबीयत करने के लिए ऐसी सच्ची और दृढ़ सोच आवश्यक है, जिसकी जड़ें मजबूत आस्था और गहरी धार्मिक समझ में हों। कमजोर वैचारिक आधार के साथ ऐसे संघर्ष में कदम नहीं रखा जा सकता, जिसके एक मोर्चे पर तरह-तरह के संदेह और वैचारिक चुनौतियां मौजूद हों। यदि कवि की अभिव्यक्ति केवल कल्पना और विचारहीन शब्दों तक सीमित हो जाए, तो उससे समाज में स्पष्टता के बजाय भ्रम बढ़ सकता है। ऐसे प्रयास अंततः दिशाहीन भटकाव की ओर ले जा सकते हैं। इसलिए कवि और लेखक तभी जनजागरण तथा सही विचारों के प्रचार के ध्वजवाहक बन सकते हैं, जब उनके पास पैग़म्बरे इस्लाम (स.), अहलेबैत (अ.) की इमामत और इस्लामी क्रांति की वैचारिक बुनियाद से संबंधित पर्याप्त ज्ञान हो। पवित्र क़ुरआन, पैग़म्बरे इस्लाम (स.) और हज़रत अली (अ.) की शिक्षाएं, इस्लामी विचारधारा की निर्मल धारा, हौज़ा का ज्ञान और ईश्वरीय शिक्षाएं ऐसी प्रतिबद्ध, मानव-निर्माण करने वाली और प्रभावशाली कविता की मूल पूंजी हैं, विशेषकर फ़ारसी और अरबी भाषाओं के साहित्य में। इसी तरह, ईरान की ऐतिहासिक वीरगाथाएं, आशूरा का महान और गौरवशाली बलिदान, इस्लाम का इतिहास तथा हौज़ा और धर्मगुरुओं का संघर्ष ऐसे अनमोल स्रोत हैं, जिनसे फ़ारसी कविता, साहित्य और कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। विशेष रूप से पवित्र रक्षा युद्ध तथा दूसरे और तीसरे युद्ध की घटनाएं प्रतिबद्ध, धार्मिक, हौज़ा से जुड़े और विभिन्न विधाओं में लिखने वाले सभी कवियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बननी चाहिए।

3- लगभग पांच दशकों के निरंतर प्रयासों, प्रचार और दुश्मनों की ओर से फूट डालने की साजिशों के बावजूद विभिन्न विचारों, मान्यताओं, जातियों और वर्गों से जुड़े ईरान के लोगों ने अभूतपूर्व एकता का प्रदर्शन करके देश के विरोधियों को निराश किया है। राजनीतिक और सांस्कृतिक बयानों तथा विचारों को व्यक्त करते समय हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि एकजुट होकर उठ खड़े हुए इस जनसमुदाय के कुछ लोगों की विचारधाराओं और पसंद में अंतर हो सकता है। लेकिन ऐसी हर आवाज़, जो जनता की एकता को नुकसान पहुंचाती है, चाहे जानबूझकर हो या अनजाने में, साम्राज्यवादी शक्तियों की साजिशों का हथियार बन जाती है। इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि रचनात्मक आलोचना और सद्भावना के साथ सुधार की बात नहीं की जानी चाहिए। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों में विशेष सावधानी जरूरी है, ताकि आलोचना और विरोध जनता की एकता तथा उम्मीद को कमजोर न करें। चूंकि कविता का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य भावनाओं को जागृत करना है, इसलिए कवियों को देश के आंतरिक मतभेदों से जुड़े विषयों पर कठोर और भड़काऊ भाषा से बचना चाहिए। वे एक ओर समाज में उत्साह, आशा और आपसी सद्भावना को बढ़ावा दे सकते हैं, तो दूसरी ओर जनता के आहत भावनाओं, आक्रोश और विरोध की आवाज़ को विदेशी दुश्मन के विरुद्ध केंद्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

4- जिहाद और प्रतिरोध की भावना का अर्थ केवल एक विशेष प्रकार की वीर रस से भरी कविता लिखना नहीं है। इस भावना को कविता की हर शैली और हर विषय में समाहित किया जा सकता है। आध्यात्मिक गीतों से लेकर प्रेम की ग़ज़लों तक, धार्मिक कविताओं से लेकर बच्चों की लोरियों तक, हर विधा स्वाभिमान, साहस और प्रतिरोध की भावना को व्यक्त करने का माध्यम बन सकती है।

5- “ईमान वालों के दिलों में इमाम का प्रकाश दिन में चमकने वाले सूर्य से भी अधिक उज्ज्वल है।” ईमान वालों के दिलों और आंखों की रोशनी तथा उनकी विजय, इस्लामी क्रांति के वास्तविक संरक्षक और स्वामी, इमाम महदी (अ.ज.) की विशेष कृपा और ध्यान के बिना कभी संभव नहीं रही है और न ही हो सकती है। विजयों के समय उनकी कृपा से बेपरवाह हो जाना और स्वयं को किसी का मोहताज न समझना ऐसा अंधकार है, जो संभव है कि इस उम्मत की मुक्ति और फरज को विलंबित कर दे। इसके विपरीत, संघर्ष और प्रयास से जुड़ा इंतजार इस उम्मत के पुनर्जागरण को हज़रत बक़ीयतुल्लाहिल आज़म (अ.ज.) की क्रांति के और करीब ला सकता है। इसलिए आज के कवियों की रचनाओं में इमाम महदी (अ.ज.) से फरियाद, उनके प्रति प्रेम, तवस्सुल और उनके जल्द प्रकट होने की कामना से जुड़े विषय पहले से कहीं अधिक प्रमुख होने चाहिए। इसी तरह अल्लाह की बारगाह में विनम्र प्रार्थना, दुआ, मुनाजात, तवस्सुल, पवित्र हस्तियों से सहायता की याचना और ग़ैबी मदद की दुआ को भी व्यापक रूप से स्थान दिया जाना चाहिए।

6- कवियों और समाज के अन्य वर्गों के लोगों द्वारा मिलकर किए गए प्रयासों से जो आपसी निकटता और आत्मीयता पैदा हुई है, वह एक ऐसा शुभ वृक्ष है, जिसके फल कई रूपों में सामने आएंगे। एक ओर इससे कविता बंद और सीमित साहित्यिक मंडलियों के दायरे से बाहर निकलकर आम समाज और जनता की रुचि से जुड़ेगी, तो दूसरी ओर लोगों में सुंदरता की समझ और साहित्यिक अभिरुचि भी विकसित होगी। आक्रामक संस्कृति के वर्चस्व, विशेष रूप से मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण फ़ारसी भाषा और साहित्य को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें देखते हुए इस सकारात्मक संबंध को जारी रखना अत्यंत आवश्यक है। इससे इस महान भूमि के साहित्य को नया जीवन मिलेगा और प्रामाणिक ईरानी-इस्लामी सभ्यता के निर्माण में उसे उचित स्थान प्राप्त होगा।

अंत में, हम अल्लाह तआला से दुआ करते हैं कि वह आपके कदमों को दृढ़ रखे और आपकी लेखनी को सत्य के मार्ग पर हिदायत के प्रकाश से आलोकित करे। उम्मीद है कि आप इस्लामी और क्रांतिकारी संस्कृति की उन्नति के मार्ग पर हमेशा अग्रणी और सफल रहेंगे। हम दुआ करते हैं कि अल्लाह की कृपा और करम से ईरान की जनता, प्रतिरोध मोर्चा और पूरी इस्लामी उम्मत को अमेरिकी और ज़ायोनी दुश्मन पर विजय प्राप्त हो।

वस्सलामु अलैकुम व रहमतुल्लाहि व बरकातुह।

आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
हौज़ा इल्मिया के प्रमुख
25 उर्दीबहिश्त 1405 हिजरी शम्सी
हकीम फ़िरदौसी की जयंती एवं फ़ारसी कविता और साहित्य दिवस

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha